एटा।जैथरा थाना क्षेत्र में जमीन के नामकरण को लेकर पति-पत्नी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गांव के ही दो लोगों पर लाठी-डंडों और जूतों से हमला करने का आरोप है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जिसके आदेश पर अब आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्राम बंधा निवासी लाला राम पुत्र दयाराम ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि गांव के ही मनोज पुत्र लालाराम और निर्मला पत्नी मनोज ने जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाया। मना करने पर दोनों ने लाठी-डंडों और जूतों से लाला राम व उनकी पत्नी के साथ मारपीट की।
मारपीट के दौरान लाला राम की पत्नी के माथे पर गंभीर चोटें आईं, जिनका उपचार फर्रुखाबाद मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जमीन नाम न करने पर झूठे फंसाने की धमकी भी दी।
लाला राम ने इस मामले की शिकायत जैथरा थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय का रुख किया। न्यायालय के आदेश पर जैथरा पुलिस ने मनोज और निर्मला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।








