एटा अलीगंज मे डीएवी मैदान में न्यू फ्रेंड्स क्रिकेट कप का विधायक ने किया उद्घाटन युवाओं को नई दिशा दे रहा न्यू फ्रेंड्स क्रिकेट कप, अलीगंज में टूर्नामेंट शुरू
25 Dec 2025

एटा अलीगंज मे डीएवी मैदान में न्यू फ्रेंड्स क्रिकेट कप का विधायक ने किया उद्घाटन
युवाओं को नई दिशा दे रहा न्यू फ्रेंड्स क्रिकेट कप, अलीगंज में टूर्नामेंट शुरू
अलीगंज। नगर के डीएवी मैदान में न्यू फ्रेंड्स क्रिकेट कप टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर पंचायत राजा का रामपुर के अध्यक्ष प्रतिनिधि सिंपल राठौर और नगर पंचायत जैथरा के अध्यक्ष विवेक गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक मजबूती के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। विधायक ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि मान सिंह यादव ने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से आपसी भाईचारा और सद्भावना बढ़ती है तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला इटावा और मथुरा की टीमों के बीच खेला गया। मथुरा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मथुरा की ओर से सलामी बल्लेबाज गौरव और कुलदीप ने पारी की शुरुआत की, लेकिन दूसरी ही गेंद पर गेंदबाज मोहित ने गौरव को आउट कर दिया। गौरव का शानदार कैच प्वाइंट पर तैनात सानी ने पकड़ा, जिससे दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यह मुकाबला 20 ओवर का खेला जा रहा है। मैच की कमेंट्री कमर खान और अभिषेक ने की, जबकि सत्येंद्र स्कोरर की भूमिका में रहे। अंपायर की जिम्मेदारी विशाल शर्मा और नौशाद मेवाती ने संभाली। आयोजन समिति में विशाल नौशाद, निजामुद्दीन, बिट्टू राठौर, भानू प्रताप राठौर, बिट्टू चौहान, सिकंदर, मनोज राठौर, अभिषेक शाक्य, सत्येंद्र, छोटू गुप्ता और चीटू गुप्ता सहित कई सदस्य मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अलीगंज और जसरथपुर थाना पुलिस ने संभाली। आयोजन स्थल पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए थे, जिससे मैच शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।