एटा मे सकरौली थाना क्षेत्र के इशौली चौराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 37 वर्षीय युवक की मौत।
25 Dec 2025

एटा मे सकरौली थाना क्षेत्र के इशौली चौराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 37 वर्षीय युवक की मौत।
एटा। जनपद के सकरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत इशौली चौराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक बाइक से दिल्ली जा रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। सूचना मिलने पर सकरौली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र के ग्राम परीक्षितपुर निवासी कृष्णपाल पुत्र राजपाल के रूप में हुई है। बताया गया कि कृष्णपाल दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और बाइक से घर से दिल्ली के लिए निकला था। इशौली चौराहे के पास किसी अज्ञात ट्रैक्टर या भारी वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मृतक के भाई कमलेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कृष्णपाल दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।