देवास व क्षिप्रा में संचालित इन्दौर डायग्नोस्टिक सेंटर सील स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, रिकॉर्ड जब्
24 Dec 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास।
कलेक्टर श्री ऋतुराजसिंह के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में संचालित निजी नर्सिंग होम, क्लीनिक, सोनोग्राफी एवं पैथोलॉजी सेंटरों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। बिना लाइसेंस एवं नियमों के विरुद्ध संचालन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजनी जेम्स बेक ने बताया कि मंगलवार को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष कोतकर एवं उनकी टीम ने देवास शहर के भगत सिंह मार्ग, नगर निगम के सामने संचालित इन्दौर डायग्नोस्टिक सोनोग्राफी सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सेंटर में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। टीम ने रिकॉर्ड जब्त करते हुए तत्काल कार्रवाई कर सोनोग्राफी सेंटर को बंद कर दिया।
जांच में सामने आया कि सेंटर का संचालन डॉ. पंकज गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार डॉ. गुप्ता द्वारा देवास शहर के साथ-साथ ग्राम क्षिप्रा में भी इन्दौर डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित किया जा रहा है। टीम के निर्देश पर दोपहर में क्षिप्रा स्थित सेंटर का निरीक्षण किया गया, जहां सेंटर बंद पाया गया। दोनों ही स्थानों पर डॉ. पंकज गुप्ता उपस्थित नहीं मिले।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शासन के नियमों के विरुद्ध संचालन, योग्य चिकित्सक द्वारा सोनोग्राफी नहीं किए जाने तथा निरीक्षण के भय से सेंटर बंद पाए जाने पर पंचनामा तैयार कर दोनों सेंटरों को तत्काल सील कर नोटिस चस्पा किए गए। नोटिस में बिना मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला देवास की अनुमति के सेंटर संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा संचालन से संबंधित समस्त दस्तावेजों सहित कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया। डॉ. करूणा पांडे (बीएचएमएस, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी) द्वारा एलोपैथिक पर्ची पर सोनोग्राफी की सलाह लिखे जाने के प्रमाण मिले। पर्ची पर मरीज का नाम अंकित नहीं था, जो महिला मरीज श्रीमती गायत्री पति श्री संदीप यादव के पास पाई गई। डॉ. करूणा पांडे होम्योपैथी चिकित्सक हैं, ऐसे में एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति में सोनोग्राफी की सलाह देना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
टीम जब डॉ. करूणा पांडे के क्लीनिक पहुंची तो वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने तत्काल शटर गिराकर ताला लगा दिया और फरार हो गया। डॉक्टर को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।








