अलीगंज लोहारी दरवाजा जलभराव से परेशान मोहल्लेवासी एसडीएम कार्यालय पहुंचे
23 Dec 2025

अलीगंज लोहारी दरवाजा जलभराव से परेशान मोहल्लेवासी एसडीएम कार्यालय पहुंचे

अलीगंज।कस्बा अलीगंज के मोहल्ला लोहारी दरवाजा में लंबे समय से चले आ रहे जलभराव, गंदगी से परेशान करीब तीन दर्जन मोहल्लेवासी मंगलवार को वार्ड मेंबर के साथ उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान को लेकर एसडीएम को लिखित शिकायत सौंपी।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि बीते लगभग दो वर्षों से क्षेत्र में जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। सड़कों व गलियों में गंदा पानी भरा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को बीमारियों का खतरा बना हुआ है। वहीं, नलों की जलापूर्ति बंद होने से लोगों को पेयजल के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ितों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए वे कई बार नगर पालिका परिषद के सभासदों और पालिका अध्यक्ष से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
इस मामले में उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने नगर पालिका परिषद अलीगंज के अधिशासी अधिकारी को तत्काल समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

Advertisement
Advertisement