केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान खातेगांव में सांसद खेल महोत्सव में हुए शामिल
22 Dec 2025

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान खातेगांव में सांसद खेल महोत्सव में हुए शामिल
खातेगांव। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को खातेगांव पहुंचे। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित क्रिकेट, कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पुरस्कार वितरित किए। इसके साथ ही खातेगांव में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में शामिल होकर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ प्रदान किए। कार्यक्रम में खातेगांव विधायक श्री आशीष शर्मा, जिला अध्यक्ष श्री रायसिंह सैंधव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। खिलाड़ियों को दी प्रेरणा, अगले वर्ष और भव्य आयोजन का भरोसा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि खेल में हार अस्थायी होती है और वही जीत की नई शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास करेगी तथा अगले वर्ष सांसद खेल महोत्सव का आयोजन और अधिक भव्य रूप में किया जाएगा। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध श्री चौहान ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास में भी सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान, मैट और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि यदि सही प्रशिक्षण और संसाधन मिलें तो खातेगांव–कन्नौद क्षेत्र से भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर सकते हैं। इलाज ही सच्ची सेवा केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केवल भाषण देना ही सेवा नहीं है, बल्कि जरूरतमंद का इलाज कराना ही असली सेवा है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी गरीब या किसान को गंभीर बीमारी का सामना करना पड़े, तो उसके इलाज की पूरी जिम्मेदारी सरकार निभाएगी। गरीब, किसान और जरूरतमंद तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ श्री चौहान ने कहा कि उज्ज्वला योजना से वंचित सभी पात्र बहनों को रसोई गैस कनेक्शन दिया जाएगा। किसानों के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से आधुनिक कृषि यंत्र सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई को बढ़ावा देकर पानी की बचत और उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल को मिलेगा बढ़ावा केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि खेती को लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैविक खेती, फल-सब्जी उत्पादन और वैकल्पिक खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही नकली बीज और कीटनाशक बेचने वालों पर सख्त कानून बनाकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता के बीज, सही दाम और खेती से जुड़ी हर समस्या का समाधान समय पर मिले। किसानों के हित में सुधार और नवाचार की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।