डायट बरुआसागर में 'कहानी सुनाओ प्रतियोगिता' संपन्न, शिवानी कुशवाहा ने मारी बाजी
22 Dec 2025

डायट बरुआसागर में 'कहानी सुनाओ प्रतियोगिता' संपन्न, शिवानी कुशवाहा ने मारी बाजी
बरुआसागर (झाँसी | जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), बरुआसागर के सभागार में आज प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं के लिए 'कहानी सुनाओ प्रतियोगिता' का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भावी शिक्षकों ने अपनी रचनात्मकता और वाकपटुता से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. पी.के. अग्रवाल (सेवानिवृत्त IAS एवं पूर्व मुख्य सचिव), डॉ. सुनील तिवारी (पूर्व प्रधानाचार्य, आर्मी स्कूल), कार्यक्रम संयोजक सुनील साहू एवं वरिष्ठ साहित्यकार दिनेश मिश्रा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, तिलक एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर के प्रशिक्षुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कहानियों के माध्यम से न केवल मनोरंजन किया बल्कि सामाजिक और ऐतिहासिक संदेश भी दिए। कहानियों के मुख्य आकर्षण रहे | ऐतिहासिक गौरव: लाला हरदौल, आल्हा-ऊदल और चंदेलकालीन वीरता के किस्से। नैतिक शिक्षा: बिच्छू और मेंढक जैसी बोधप्रद कहानियाँ। राष्ट्रवाद : भारतीय संविधान के महत्व पर आधारित प्रेरणाप्रद प्रस्तुति। निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतीकरण और विषय वस्तु के आधार पर विजेताओं का चयन किया | प्रथम स्थान कुमारी शिवानी कुशवाहा (विषय: भारतीय संविधान) , द्वितीय स्थान कुमारी मुस्कान राजन (विषय: अकबर-बीरबल की कहानी), तृतीय स्थान आकाश यादव ( आल्हा-ऊदल की शौर्य गाथा) | सांत्वना पुरस्कार: मेंढक और बिच्छू की कहानी सुनाने वाले प्रतिभागी को प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रभारी श्री सुनील साहू ने मुख्य अतिथि डॉ. पी.के. अग्रवाल एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। निर्णायक मंडल ने सभी विजयी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अंत में सुनील साहू जी द्वारा सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई |