एटा जनपद के अलीगंज कोतवाली थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर का स्थानांतरण कर उन्हें एसएसपी कार्यालय एटा में तैनात किया गया है। उनके तबादले पर अलीगंज कोतवाली परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहां पुलिसकर्मियों ने फूलमालाओं और बुके भेंट कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदा किया।
विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अलीगंज नीतीश गर्ग भी मौजूद रहे। सीओ गर्ग ने थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर को अनुभवी पुलिस अधिकारियों में से एक बताते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेंगर ने लगभग 15 महीने के कार्यकाल में कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ-साथ महत्वपूर्ण मामलों में अपने अनुभव और बेहतर सुझाव साझा किए।
विदाई के दौरान सहयोगी पुलिसकर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए, वहीं थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर भावुक नजर आए। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नवागत थाना प्रभारी राजकुमार सिंह का भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, नगर अध्यक्ष विनोद कुमार आर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत गुप्ता, राजन वर्मा, सुशील कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक कपिल कुमार, सुरेंद्र मोहन, पंकज मणि गौतम, हिरदेश दुबे, अरविंद दुबे, महिला दरोगा मनीषा यादव, कांस्टेबल गौरव, शिवकुमार, चालक सतवीर, कांस्टेबल अजय सहित कई लोग उपस्थित रहे।








