एटा जिले के जसरथपुर थाना क्षेत्र के फर्दपुरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते 27 वर्षीय युवक को गोली मार दी गई। घटना उस समय हुई जब युवक शौच के बाद खेतों से वापस लौट रहा था। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घायल युवक की पहचान नीलेश (27 वर्ष), पुत्र संतपाल, निवासी फर्दपुरा के रूप में हुई है। नीलेश ने बताया कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे नामजद आरोपी भूरे और उसके साथियों ने अवैध तमंचे से उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके बाएं हाथ के पास लगी।
घटना के बाद परिजन घायल युवक को तत्काल अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शक्ति सिंह ने बताया कि युवक को शुक्रवार शाम 6:40 बजे घायल अवस्था में लाया गया था। स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया।
वहीं, जसरथपुर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश का प्रतीत होता है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








