एटा।
शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और अवैध कब्जों पर रोक लगाने के उद्देश्य से एटा नगर पालिका प्रशासन द्वारा गुरुवार को बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान माया पैलेस से लेकर मेडिकल कॉलेज तक सड़क किनारे फैले अवैध कब्जों के खिलाफ चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व डिप्टी कलेक्टर एवं नगर पालिका प्रभारी सतीश कुमार ने किया। भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बनी अवैध दुकानों, खोखों और निर्माण को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान माया पैलेस, जीटी रोड, रोडवेज बस स्टैंड से लेकर मेडिकल कॉलेज तक के क्षेत्रों को कवर किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
उप जिलाधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि माया पैलेस से जीटी रोड बस स्टैंड तक लंबे समय से अवैध कब्जे किए गए थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। यह कार्रवाई जिलाधिकारी एटा के निर्देश पर की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।








