एटा में रोडवेज बस की टक्कर से दो युवकों की मौत, जीटी रोड पर लगा जाम
19 Dec 2025
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा। जनपद एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड पर मेडिकल कॉलेज के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान थाना मलावन क्षेत्र के गांव निगोह हसनपुर निवासी सत्यम पुत्र चंद्रकेश और गोलू पुत्र सतीश के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कराया। मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन दिनेश कुमार ने बताया कि सत्यम और गोलू किसी काम से एटा आए थे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली नगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और रोडवेज बस को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








