एटा अलीगंज में ईआरओ ने राजनीतिक दलों संग की बैठक, मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर दिए अहम निर्देश
19 Dec 2025
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा। अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 (SIR-2026) के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अलीगंज एसडीएम कार्यालय के सभागार में निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) जगमोहन गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित की गई। ईआरओ जगमोहन गुप्ता ने विधानसभा स्तर पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अनुपस्थित, मृतक, स्थानांतरित एवं अनट्रेसेबल (एएसडी) मतदाताओं के सत्यापन को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए बताया कि आयोग के निर्देशानुसार एएसडी मतदाताओं की बूथवार सूची संबंधित बीएलए को उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि सत्यापन प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी की जा सके।
ईआरओ ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस विशेष पुनरीक्षण अभियान में प्रशासन को पूर्ण सहयोग दें। बीएलए के माध्यम से बीएलओ से प्राप्त सूचियों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे मतदाता सूची पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध रूप से अद्यतन की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। इसी क्रम में सभी विधानसभाओं में एएसडी मतदाताओं के सत्यापन को प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई शंकाओं का समाधान भी किया गया। मतदाताओं की सुविधा के लिए तहसील अलीगंज में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जिनके संपर्क नंबर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में मतदाता संबंधित तहसील में जाकर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में कांग्रेस से विधानसभा प्रभारी अरविंद सोनी, भारतीय जनता पार्टी से महामंत्री आशीष राजपूत, बहुजन समाज पार्टी से मदन कुमार तथा समाजवादी पार्टी से विधानसभा अध्यक्ष सुभाष शाक्य सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








