एटा के अलीगंज स्थित जैथरा थाना क्षेत्र के नगला सवित गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम कार्तिकेय की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। मृतक के पिता अभय प्रताप नोएडा में क्रेन चालक के रूप में कार्यरत हैं।
मृतक की चाची शालिनी ने बताया कि हादसे के समय वह घर पर कपड़े धो रही थीं, जबकि बच्चे की मां प्रियंका कमरे के अंदर थीं। ट्रैक्टर की आवाज सुनकर वह बाहर भागीं, लेकिन तब तक ट्रैक्टर बच्चे के सिर पर चढ़ चुका था।
मृतक के चाचा उदय प्रताप ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह ही कार्तिकेय ने उनके साथ खाना खाया था। इसके बाद वे खेत पर चले गए थे। घटना की सूचना मिलते ही वे तुरंत लौटे, लेकिन तब तक बच्चे की मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार, प्रियंका के तीन बच्चे हैं काजल (10 वर्ष), सिद्धि (6 वर्ष) और सबसे छोटा कार्तिकेय (2 वर्ष)। इस हादसे में कार्तिकेय की मौत हो गई।
जैथरा थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल नगला सवित गांव पहुंची। घायल बच्चे को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








