एटा में पति की दूसरी शादी, पहली पत्नी ने पुलिस बुलाकर रुकवाई शादी, दूल्हा फरार
15 Dec 2025

एटा में पति की दूसरी शादी, पहली पत्नी ने पुलिस बुलाकर रुकवाई शादी, दूल्हा फरार

एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित एक मैरिज होम में रविवार को चल रहे शादी समारोह में उस समय हंगामा हो गया, जब दूल्हे की पहली पत्नी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। महिला के पहुंचते ही दूसरी शादी रुक गई। पुलिस को देखते ही दूल्हा और उसके परिजन मौके से फरार हो गए।
मैरिज होम में सजा हुआ मंडप खाली रह गया। मौके पर केवल पंडित, नाई और लड़की पक्ष के कुछ रिश्तेदार ही मौजूद थे। विवाह की रस्में अधूरी रह गईं। महिला ने इस संबंध में कोतवाली नगर पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस फरार दूल्हे और उसके परिजनों की तलाश कर रही है।
कासगंज के नगला किलौनी निवासी पीड़िता प्रियंका ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मिरहची थाना क्षेत्र के नगला थार निवासी प्रेमप्रकाश उर्फ पप्पू से हुई थी। आरोप है कि पति अमरपुर क्षेत्र में डॉक्टरी का कार्य करता है और बिना तलाक लिए दूसरी लड़की से विवाह कर रहा था।
प्रियंका के अनुसार, जानकारी मिलने पर वह पुलिस को साथ लेकर मैरिज होम पहुंची, जहां पुलिस देखते ही दूल्हा और उसके परिवार के लोग भाग गए। दूसरी दुल्हन नगला बीच की निवासी बताई जा रही है।
चौकी इंचार्ज विपिन भाटी ने बताया कि महिला की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शिकायत पत्र थाना स्तर पर प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।