बरुआसागर : फ़ॉस्टर किड्स स्कूल में 'क्रिएटिव कॉमन्स' कला प्रदर्शनी का शानदार आयोजन
14 Dec 2025
रिपोर्टर-- प्रथम श्रीवास्तव
बरुआसागर, (झाँसी): स्थानीय फ़ॉस्टर किड्स इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को 'क्रिएटिव कॉमन्स' नामक एक दिवसीय कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में स्कूल के नन्हें मुन्ने बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विषयों पर आधारित कई आकर्षक प्रोजेक्ट और मॉडल प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण थीम आधारित आर्ट गैलरी रही, जिसमें बच्चों की कल्पनाशीलता साफ झलक रही थी। नर्सरी कक्षा के बच्चों ने 'जंगल सफारी' थीम पर आधारित मॉडल बनाए | एल.के.जी. के छात्रों ने 'चॉकलेट फ़ैक्टरी' की मीठी दुनिया को जीवंत किया।
वहीं, यू.के.जी. के बच्चों ने 'स्नो लैंड' की बर्फीली दुनिया को खूबसूरती से कैनवस पर उतारा | बच्चों द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट्स ने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथिगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उनका उत्साह बढ़ाया इनमें डॉ. अंजलि सोनी, मीनू राजावत (ज़िला उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, झाँसी) , राशि साहू (प्रदेश सचिव, एन.एस.यू.आई.) सम्मिलित रहीं | मुख्य अतिथियों ने बच्चों की कलाकृतियों का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इस सफल आयोजन में बच्चों के पेरेंट्स, नगरवासी और स्कूल स्टॉफ ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई। अभिभावकों ने अपने बच्चों की प्रतिभा को मंच पर देखकर खुशी व्यक्त की। स्कूल प्रबंधन ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई। यह कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा और कला के प्रति उनके प्रेम को प्रदर्शित करने का एक शानदार मंच साबित हुआ।








