एटा सड़क हादसा: भैंस से टकराई बाइक, युवक की मौत;
11 Dec 2025

एटा सड़क हादसा: भैंस से टकराई बाइक, युवक की मौत;

एटा। रिजोर थाना क्षेत्र के नवोदय विद्यालय के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब बाइक अचानक सड़क पर आई एक भैंस से टकरा गई।
जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के नगला बीच निवासी रहीशुद्दीन (पुत्र अलाउद्दीन) अपने मामा शौकत अली के साथ बाइक से एटा की ओर आ रहे थे। रास्ते में नवोदय विद्यालय के पास अचानक भैंस सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में उनकी बाइक तेज़ी से उससे टकरा गई, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर दोनों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने रहीशुद्दीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि शौकत अली का उपचार जारी है।
परिजनों को सूचना मिलने पर वे मेडिकल कॉलेज पहुंचे और रोते-बिलखते हुए युवक का शव पोस्टमॉर्टम कराए बिना ही घर ले गए। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घायल शौकत अली ने बताया कि वे भांजे के साथ घर लौट रहे थे तभी अचानक सामने भैंस आ गई, जिससे यह हादसा हो गया।
थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल से सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन परिजन शव का पोस्टमॉर्टम कराए बिना ही ले गए।