अलीगंज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर क्षेत्र में मतदाता सूची सत्यापन एवं मैपिंग का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। प्रशासनिक टीम के साथ-साथ शासन स्तर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बीएलए बूथों पर पहुंचकर न केवल मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं, बल्कि बीएलओ को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने में भी लगातार सहयोग दे रहे हैं।
इसी क्रम में भाजपा जिला महामंत्री एवं बीएलए-1 आशीष राजपूत ने मंगलवार को क्षेत्र के कई बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने फर्दपुरा, हरसिंहपुर, जुनैदपुर सहित विभिन्न मतदान क्षेत्रों का दौरा कर मतदाताओं से बातचीत की और सत्यापन कार्य की स्थिति जानी।
उन्होंने सुनिश्चित किया कि बीएलओ द्वारा मांगी गई सभी जानकारियां समय पर और सटीक रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन से संबंधित प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।
आशीष राजपूत ने बताया कि क्षेत्र में मैपिंग कार्य संतोषजनक गति से चल रहा है और पूरी टीम निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने के लिए जुटी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, इसलिए किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे बीएलओ और बीएलए को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर सहयोग दें, क्योंकि यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक सशक्तिकरण की नींव है।








