अलीगंज। थाना अलीगंज क्षेत्र में सोमवार देर शाम दुकान बंद कर घर लौट रहे युवक पर कुछ लोगों ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमले में युवक को सिर व आंख पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि पीड़ित का पर्स भी गायब हो गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुंचादायम खा निवासी मुदस्सीर उल्लाह खा ने थाने में दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई मुनासिर उल्ला खा के साथ दुकान बंद कर घर की ओर लौट रहे थे। रास्ते में पहले से छिपे बैठे फैजान, जुबेर उर्फ राजा और कुछ अन्य अज्ञात लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने बिना किसी विवाद के लाठी-डंडों और तमंचे की बट से ताबड़तोड़ मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान मुदस्सीर की आंख और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर गिर पड़े। उनके शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद हमलावर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
घटना के दौरान पीड़ित का पर्स भी गायब हो गया, जिसमें लगभग ₹5200 नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे। पर्स का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
मुदस्सीर ने आरोप लगाया कि हमला पूरी तरह सुनियोजित था, क्योंकि आरोपी पहले से ही रास्ते में घात लगाए बैठे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की जा रही है।








