अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित दिवस (पीएमएसडी) के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएँ पहुंचीं और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर में एएनसी जांच, हीमोग्लोबिन लेवल, वजन, रक्तचाप, ब्लड शुगर सहित अन्य जरूरी परीक्षण किए गए। जांच के बाद चिकित्सकों ने महिलाओं को गर्भावस्था से जुड़े महत्वपूर्ण परामर्श प्रदान किए। साथ ही आयरन-फोलिक एसिड (IFA), कैल्शियम, एवं अन्य आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क वितरित की गईं।
चिकित्सकों के अनुसार, पीएमएसडी का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्ता युक्त स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना और प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं को पहले ही पहचानकर रोकथाम करना है। इस तरह के अभियान सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ एएनएम, आशा कार्यकर्ता, तथा स्थानीय महिलाएँ बड़ी संख्या में मौजूद रहीं और सेवाओं का लाभ उठाया।








