समारोह में चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार, लेकिन चोरी का सामान अभी तक गायब—ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर जताया विरोध, सौंपा ज्ञापन
02 Dec 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास।
जिले के ग्राम टोंक कला में विगत दिनों हुई चोरी की वारदात को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया को ज्ञापन सौंपकर पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जताया और चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी में लापरवाही का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने बताया कि मनोहर पिता जय सिंह के घर 28 नवंबर को शादी समारोह के दौरान चोरी हुई थी, जिसमें सोने व चांदी के आभूषण चोरी हुए। चोरी गए गहनों की कीमत 13 से 14 लाख रुपए बताई गई है। फरियादी मनोहर सिंह के पुत्र गौतम ने घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना देकर संदिग्धों के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, 1 दिसंबर 2025 को पुलिस चौकी टोंक कला ने उन्हें बुलाया और बताया कि चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। लेकिन जब फरियादी पक्ष को पहचान के लिए आभूषण दिखाए गए, तो चांदी के कुछ आभूषण और सोने में सिर्फ एक मंगलसूत्र ही प्रस्तुत किया गया। शेष चोरी हुआ सोना उपलब्ध नहीं कराया गया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के महिपाल गोरधन सिंह और गौतम विक्रम सिंह के यहां पूर्व में हुई चोरी की वारदातों में भी पुलिस ने चोर तो पकड़ लिए, लेकिन चोरी का सामान आज तक नहीं लौटाया गया। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने मांग की कि—
सभी चोरी हुए आभूषण बरामद कर पीड़ितों को जल्द वापस लौटाए जाएं,
पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करे,
अन्यथा वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








