देवास की पाँच महिला सरपंचों ने बढ़ाया जिले का गौरव संयुक्त राष्ट्र महिला (भारत) के “She Leads” कार्यक्रम के तीसरे संस्करण में हुआ चयन
01 Dec 2025

देवास की पाँच महिला सरपंचों ने बढ़ाया जिले का गौरव
संयुक्त राष्ट्र महिला (भारत) के “She Leads” कार्यक्रम के तीसरे संस्करण में हुआ चयन
कलेक्टर ऋतुराज सिंह और सीईओ ज्योति शर्मा ने किया सम्मानित देवास। देवास जिले की पाँच महिला सरपंचों— श्रीमती निर्मला पाटीदार (छतरपुरा), श्रीमती मोनिका सेंधव (ओंकारा), सुश्री सोनाली वट्टी (जागठा), सुश्री शकुंतला पंवार (निपानिया) और श्रीमती रोशनी मुजाल्दे (पाण्डुतालब)— का चयन संयुक्त राष्ट्र महिला (भारत) द्वारा आयोजित महिला राजनीतिक नेतृत्व एवं विकसित राष्ट्र निर्माण पर आधारित प्रतिष्ठित “She Leads” कार्यक्रम के तीसरे संस्करण में हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर हुए इस चयन के बाद कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती ज्योति शर्मा ने पाँचों महिला सरपंचों को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। कलेक्टर श्री सिंह ने इसे ग्रामीण महिला सशक्तिकरण तथा नेतृत्व विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता देवास जिले के लिए गर्व का विषय है और पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है। संयुक्त राष्ट्र महिला (भारत) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महिला राजनीतिक नेतृत्व को नई दिशा देने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है। चयनित महिला सरपंचों के लिए 04 एवं 05 दिसम्बर 2025 को नई दिल्ली में दो दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें उन्हें उन्नत नेतृत्व प्रशिक्षण प्राप्त होगा। यह उपलब्धि न केवल देवास जिले के विकासशील दृष्टिकोण को दर्शाती है बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के नेतृत्व को नई ऊँचाइयाँ देने वाली है।