राष्ट्रीय सामाजिक संस्था ने आयोजित किया मासिक सामूहिक राष्ट्रगान, भाईचारा और राष्ट्रवाद का संकल्प दोहराया
01 Dec 2025
Reporter--Shantanu
समाजसेवी मनीष चौधरी ने किया शहीदों को नमन और चौ. चरण सिंह का आदर्श स्मरण
राष्ट्रीय सामाजिक संस्था ने आयोजित किया मासिक सामूहिक राष्ट्रगान, भाईचारा और राष्ट्रवाद का संकल्प दोहराया
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित मासिक सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम इस बार परिक्रमा मार्ग स्थित चौधरी चरण सिंह चौक पर देशभक्ति की जीवंत मिसाल बन गया। राष्ट्रगान, ध्वजारोहण, शहीदों की स्मृति, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय आदर्शों से भरी यह सुबह शहरवासियों के लिए राष्ट्रवाद और आपसी भाईचारे के गर्व का क्षण रही। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के विचारों एवं जीवन दर्शन को याद करते हुए उनके अनुकरणीय आदर्शों पर चर्चा भी हुई। इसके साथ ही देश के अमर शहीद सैनिकों को भी उनके बलिदान के लिए याद किया गया।
राष्ट्रीय सामाजिक संस्था द्वारा प्रत्येक माह की पहली तारीख को समाज में राष्ट्रवाद, आपसी मेल मिलाप और सामाजिक गठजोड़ को मजबूती देने के लिए मासिक सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इस बार परिक्रमा मार्ग स्थित चौधरी चरण सिंह चौक पर यह कार्यक्रम किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल में अपनी उपस्थित दर्ज कराई। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजसेवी मनीष चौधरी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात सभी उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर में राष्ट्रगान का वाचन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गिरीश कुमार का समाजसेवी टीम के सदस्य के पी चौधरी और भारत वीर प्रधान ने शॉल ओढ़ाकर सम्मान व अभिनंदन किया।
इस अवसर पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को नमन करते हुए वक्ताओं ने उनके जीवन दर्शन, सादगी, कर्मठता और किसानहितैषी नीतियों पर विचार रखे। कार्यक्रम में सीमा सुरक्षा बल स्थापना दिवस का उल्लेख करते हुए देश के अमर शहीदों को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चौधरी ने कहा कि हमारा यह मासिक सामूहिक राष्ट्रगान केवल परंपरा नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे सम्मान और समर्पण का जीवंत प्रतीक है। राष्ट्रगान गाते हुए हम इस महान धरती के प्रति अपनी निष्ठा को पुनः व्यक्त करते हैं। आज हम पूर्व प्रधानमंत्री, किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह जी को नमन करते हैं, जिन्होंने हमेशा साधारण नागरिकों और किसानों की आवाज़ को मुखरता से देश के सामने रखा। उनका आदर्श जीवन हमें बताता है कि राष्ट्रनिर्माण केवल सत्ता से नहीं, बल्कि मूल्यों, ईमानदारी और समर्पण से होता है। उन्होंने कहा कि आज हम सीमा सुरक्षा बल स्थापना दिवस पर देश के उन अमर वीरों को भी याद करते हैं, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमारी सीमाओं की रक्षा की। उनका बलिदान ही हमारी स्वतंत्रता और सुरक्षा की नींव है। हम सभी का दायित्व है कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें।
उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से हम देशभक्ति की भावना को और अधिक व्यापक बनाएं, युवाओं में जागरूकता फैलाएं और एक सशक्त, जाग्रत भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने देशभक्ति से भरे इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. गिरीश कुमार के अलावा लोक सेवक पार्टी के अध्यक्ष केपी चौधरी, जयदेव पंवार, भारतवीर प्रधान, पुष्पेन्द्र विश्नोई, डॉ. लोकेश कौशिक, नरेश चौधरी, सतपाल गायक सहित सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।








