मध्यप्रदेश खेल जगत में हड़कंप: रोहिणी कलम केस में पुलिस का बड़ा एक्शन
20 Nov 2025

मध्यप्रदेश खेल जगत में हड़कंप: रोहिणी कलम केस में पुलिस का बड़ा एक्शन
देवास (मप्र)। अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी रोहिणी कलम की आत्महत्या मामले में देवास पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मध्य प्रदेश जुजित्सु संघ के कोच और उपाध्यक्ष पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने संघ के उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी कोच विजेंद्र खरसोदिया अब भी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक चुकी थीं रोहिणी 35 वर्षीय रोहिणी कलम ने पिछले माह अर्जुन नगर स्थित घर में फांसी लगाकर जान दी थी। रोहिणी ने एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और अबू धाबी में अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। वे मध्य प्रदेश जुजित्सु संघ की महासचिव भी थीं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट न मिलने से शुरुआत में पुलिस कारणों को लेकर उलझी हुई थी। बीमारी के दौरान भी बनाया जा रहा था दबाव बीएनपी थाना प्रभारी अमित सोलंकी के अनुसार, जांच में सामने आया कि रोहिणी हाल ही में पेट में गठान का ऑपरेशन कराकर स्वास्थ्य लाभ ले रही थीं, लेकिन इसके बावजूद कोच विजेंद्र उन पर लगातार प्रतियोगिताओं में भाग लेने और खेलने का दबाव बना रहा था। वहीं, उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह उन्हें अन्य लोगों से बात करने से रोकते थे, जिससे उन पर मानसिक तनाव बढ़ रहा था। स्वजनों ने भी दोनों पर रोहिणी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। घटना से पहले हुई थी प्रीतम से बातचीत जांच में CDR से यह भी पता चला कि आत्महत्या से ठीक पहले रोहिणी की प्रीतम सिंह से फोन पर बातचीत हुई थी। रोहिणी हाल में सरकारी नौकरी न मिलने और विक्रम अवार्ड के लिए चयन न होने से भी निराश थीं। पुलिस का मानना है कि इसी कमजोरी का फायदा उठाकर दोनों पदाधिकारी उन पर अधिक दबाव बना रहे थे। एक गिरफ्तार, कोच की तलाश जारी प्रीतम सिंह (उपाध्यक्ष): गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया। विजेंद्र खरसोदिया (कोच): फरार, कई स्थानों पर पुलिस की दबिश जारी। खेल जगत में शोक और नाराज़गी रोहिणी की मौत के बाद प्रदेश और देश के खेल जगत में शोक के साथ-साथ गहरी नाराज़गी भी है। खिलाड़ी संगठनों ने इस घटना को खेल जगत में बढ़ते दबाव और अव्यवस्था का परिणाम बताया है। पुलिस का कहना है कि कोच विजेंद्र की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई और खुलासे हो सकते हैं।