इंदौर–बुधनी रेल परियोजना: 59 दिन से जारी किसानों का आंदोलन शांतिपूर्ण रूप से खत्म
17 Nov 2025

इंदौर–बुधनी रेल परियोजना: 59 दिन से जारी किसानों का आंदोलन शांतिपूर्ण रूप से खत्म
कलवार–कन्नौद| इंदौर–बुधनी रेल परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में आई विसंगतियों के विरोध में ग्राम कलवार में पिछले 59 दिनों से चल रहा किसानों का धरना-आंदोलन मंगलवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाप्त हो गया। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त पहल के बाद किसानों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने से आंदोलन का सुखद समाधान निकल सका। किसानों द्वारा उठाए गए मुद्दों—मुआवज़े के निर्धारण में असमानता, पुनर्मूल्यांकन की मांग, प्रभावित भूमि का सीमांकन, तथा स्थानीय स्तर पर हुई तकनीकी त्रुटियों—पर प्रशासन ने सहमति जताते हुए ठोस कदम उठाने की घोषणा की। आश्वासन मिलने के बाद किसान प्रतिनिधियों ने आंदोलन समाप्त करने पर सहमति दी। अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुँचे, जहाँ जूस पिलाकर और हलवा खिलाकर अनशन समाप्त कराया गया, जिससे दो माह से अधिक समय से जारी संघर्ष का शांतिपूर्ण समापन हुआ। इस अवसर पर कन्नौद–खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, बागली विधायक मुरली भवरा, जिला कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, डीएसपी श्री जयवीर भदौरिया सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।