संघ पदाधिकारियों ने समाजसेवी मनीष चौधरी से की मुलाकात, राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का दिया आमंत्रण
13 Nov 2025
Reporter--Shantanu
संघ पदाधिकारियों ने समाजसेवी मनीष चौधरी से की मुलाकात, राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का दिया आमंत्रण
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर जनसंपर्क अभियान को लेकर की भेंट,कृ समाज को संगठित करने की दिशा में लिया नया संकल्प
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे घर-घर संपर्क अभियान के तहत संघ के पदाधिकारी राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष समाजसेवी मनीष चौधरी के आवास पर पहुंचे और उनसे संपर्क करते हुए उन्हें समाज सेवा व राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सहभागी बनने का आमंत्रण दिया गया। इस दौरान मनीष चौधरी ने सभी का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए संघ के संघर्ष और समाज निर्माण में योगदान की सराहना की।
आज समाजसेवी मनीष चौधरी के रामपुरी स्थित आवास पर पहुंचे संघ पदाधिकारियों में उत्तर प्रदेश पुलिस से रिटायर्ड राजकुमार सिंह, सेवानिवृत्त रोडवेज अधिकारी राजकुमार तोमर तथा भूतपूर्व सैनिक बृजपाल सिंह शामिल रहे। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने संगठन के इतिहास, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राजकुमार सिंह ने मुलाकात के दौरान बताया कि संघ द्वारा शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज को संघ के सिद्धांतों से जोड़ते हुए राष्ट्रवाद की भावना को प्रबल बनाना है। संघ पदाधिकारी लोगों के घर-घर जाकर संपर्क स्थापित कर रहे हैं और समाज में एकता, सेवा तथा संगठन के संदेश को फैला रहे हैं।
संघ प्रतिनिधियों से भेंट के दौरान मनीष चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह प्रयास सराहनीय है कि वह समाज को संगठित करने के लिए शताब्दी वर्ष पर घर-घर संपर्क अभियान चला रहा है। आज समय की मांग है कि हम जाति-पाति के भेद को भुलाकर केवल एक सनातनी के रूप में समाज और राष्ट्र के लिए काम करें। संघ पदाधिकारियों ने सामाजिक परिवर्तन के लिए सदैव बलिदान और समर्पण की मिसाल पेश की है।
राजकुमार तोमर एवं बृजपाल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन नागपुर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा की गई थी। संघ का उद्देश्य सम्पूर्ण हिन्दू समाज को संगठित कर हिन्दुत्व के अधिष्ठान पर भारत को समर्थ और परमवैभवशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करना रहा है। डॉ. हेडगेवार ने संघ के कार्यकर्ताओं के निर्माण हेतु दैनिक शाखा प्रणाली की शुरुआत की, जिसने संगठन की नींव को मजबूत किया। सौ वर्षों की यात्रा में संघ ने उपहास और विरोध के दौर पार करते हुए आज देश के सभी क्षेत्रों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि इस शताब्दी वर्ष पर संघ का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठन के सूत्र में बाँधना और राष्ट्रहित के लिए सामूहिक शक्ति का निर्माण करना है। समाजसेवी मनीष चौधरी ने संघ पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि सनातन संस्कृति की रक्षा और समाज की एकजुटता के लिए वो आरएसएस के इस अभियान को सफल बनाने के लिए भरपूर सहयोग और योगदान देंगे।








