इंस्टा-प्रेरित ठगी का खुलासा: देवास में बंटी-बबली जोड़ा फर्जी PhonePe पेमेंट से दुकानदारों को लगाता था चूना
12 Nov 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास। शहर की कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे युवक-युवती को गिरफ्तार किया है जो इंस्टाग्राम रील देखकर ठगी का तरीका सीखकर दुकानदारों को चूना लगा रहे थे। आरोपी फर्जी डिजिटल पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर सामान लेकर फरार हो जाते थे।
मामला तब उजागर हुआ जब रत्नराज ज्वेलर्स के संचालक दिलीप सोनी (60 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर की शाम करीब 6 बजे एक युवक और युवती दुकान पर आए और ₹6,700 कीमत की चांदी की पायल व दो अंगूठियां खरीदीं।
भुगतान के नाम पर दोनों ने दुकान के PhonePe QR कोड को स्कैन करने का नाटक किया और मोबाइल पर पेमेंट सफल होने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखा दिया। जब दुकानदार ने अपने खाते की जांच की, तो कोई राशि जमा नहीं हुई थी। इस बीच दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान की गई और बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह ठगी की तरकीब इंस्टाग्राम की एक रील देखकर सीखी थी।
पुलिस ने उनके पास से ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और खरीदा गया सामान बरामद किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।








