दिल्ली में बड़ा धमाका, लाल क़िला के पास कार में विस्फोट — 13 की मौत, 20 से अधिक घायल, दिल्ली-NCR में हाई अलर्ट
12 Nov 2025

दिल्ली में बड़ा धमाका, लाल क़िला के पास कार में विस्फोट — 13 की मौत, 20 से अधिक घायल, दिल्ली-NCR में हाई अलर्ट
नई दिल्ली। सोमवार शाम राजधानी दिल्ली दहल उठी जब लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में जबरदस्त धमाका हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6:52 बजे लाल क़िला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक ह्युंडई i20 कार में अचानक विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज़ इतनी तेज थी कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। घटना में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी एलएनजेपी और अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। जांच के प्रारंभिक संकेत बताते हैं कि कार में आईईडी (Improvised Explosive Device) रखा गया था, जो अधूरा बना हुआ था और सम्भवतः उसी के कारण आकस्मिक विस्फोट हुआ। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं और UAPA (गैरकानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम) के तहत मामला दर्ज कर आतंकी एंगल से भी जांच शुरू कर दी गई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल से नमूने इकट्ठा कर रही हैं। वहीं, राजधानी समेत पूरे दिल्ली-NCR क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मेट्रो स्टेशनों, होटलों, सार्वजनिक स्थलों और सीमावर्ती राज्यों में सघन चेकिंग की जा रही है। गृह मंत्रालय ने इस घटना पर रिपोर्ट तलब की है और कहा है कि “किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।” लाल क़िले के पास हुई इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह विस्फोट दुर्घटनावश हुआ या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था।
Advertisement
Advertisement