खेम्हईपुर में ग्रामसभा की भूमि पर अवैध निर्माण, राजस्व कर्मियों पर मिलीभगत के आरोप*
11 Nov 2025
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
*खेम्हईपुर में ग्रामसभा की भूमि पर अवैध निर्माण, राजस्व कर्मियों पर मिलीभगत के आरोप*
गाटा संख्या 901 व 902 पर हो रहा निर्माण, कार्रवाई के अभाव से ग्रामीणों में आक्रोश
भदोही।
तहसील औराई के ग्राम खेम्हईपुर तालुका असनांव में ग्रामसभा की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग के लेखपाल, राजस्व निरीक्षक और तहसील प्रशासन की मिलीभगत से यह कार्य जारी है।
जानकारी के अनुसार, गाटा संख्या 901 व 902 “नवीन परती” के रूप में दर्ज है। बावजूद इसके, जयप्रकाश पुत्र स्व. पन्ना लाल ने यह भूमि 23 सितंबर 2025 को भैरव सिंह पुत्र पारसनाथ सिंह के नाम फर्जी बैनामे के जरिए बेच दी। भैरव सिंह ने ग्रामसभा की भूमि को आबादी दिखाकर जबरन निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
शिकायतकर्ता ने 16 अक्टूबर 2025 को जिलाधिकारी भदोही से शिकायत की थी, जिसे तहसीलदार औराई के पास भेजा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों की मिलीभगत से निर्माण जारी है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी औराई से मांग की है कि ग्रामसभा की संपत्ति की सुरक्षा के लिए तत्काल अवैध निर्माण रोककर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।








