महिलाओं को न्याय और सहायता दिलाने की पहल, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समिति बैठक
11 Nov 2025
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
महिलाओं को न्याय और सहायता दिलाने की पहल, जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समिति बैठक
रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के तहत 14 पीड़िताओं को राहत, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
भदोही 10 नवंबर 2025:–जनपद भदोही में जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की संयुक्त अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की जिला संचालन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के तहत दुष्कर्म, एसिड अटैक, पॉक्सो एक्ट और दहेज हत्या जैसी घटनाओं की शिकार महिलाओं और बच्चियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए शुरू की गई है। इस योजना में पीड़ित महिलाओं और बच्चियों को इलाज, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना के तहत पीड़ितों को 01 लाख से लेकर 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलती है। इसका उद्देश्य उन्हें शिक्षा जारी रखने, रोजगार स्थापित करने और एक नई जिंदगी शुरू करने में मदद करना है।
बैठक में कुल 91 लम्बित प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति ने 14 प्रकरणों में एफआईआर, चार्जशीट और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पीड़ितों को क्षतिपूर्ति की स्वीकृति प्रदान की। शेष प्रकरणों में चार्जशीट और एफएसएल रिपोर्ट न होने के कारण मामलों को अगली बैठक के लिए स्थगित कर दिया गया।
नोडल पुलिस अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वे 05 दिन के भीतर लंबित एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त करें। इससे पीड़ितों को जल्द क्षतिपूर्ति दी जा सकेगी। साथ ही सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश किया गया कि कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से किसी भी स्तर पर लंबित न रहे। यदि किसी प्रकरण को अनावश्यक रूप से अधिक समय तक लंबित रखा जाता है, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करते हुए उस पर सख्त कार्रवाई की जाए।








