कोरबा में फिर भीषण सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
07 Nov 2025

कोरबा में फिर भीषण सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
जिले के नेशनल हाईवे-130 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो ने बाइक सवार को करीब 40 मीटर तक घसीट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक यह घटना चैतमा पुलिस चौकी क्षेत्र के घुचवा बैरियर के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान हरदी बाजार उतरदा निवासी 35 वर्षीय पुजारी मरकाम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब 10 बजे अपने घर से कटघोरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोरबा की दिशा में आ रही बोलेरो ने पीछे से उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने बोलेरो ड्राइवर को रोका और पुलिस को खबर दी। कुछ ही देर में चैतमा पुलिस चौकी प्रभारी अफसर खान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने नियंत्रण में किया ।