सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने वाला ही निकला चोर — गर्लफ्रेंड को शॉपिंग कराने के चक्कर में हुआ कर्जदार!
06 Nov 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
कन्नौद।
इंदौर–बैतूल नेशनल हाईवे पर ग्राम बरवईखेड़ा स्थित टोल प्लाजा पर हुई 3 लाख 61 हजार रुपये की चोरी का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कर दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी करने वाला कर्मचारी ही निकला चोर।
फरियादी देवेन्द्र राव, जो टोल प्लाजा में केशियर हैं, ने 3 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कैश ड्रॉअर का लॉक तोड़कर नकदी चोरी कर ली गई है। मामला गंभीर होने पर एसपी देवास पुनीत गहलोत, एएसपी सोम्या जैन, और एसडीओपी आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक तहजीब काज़ी ने विशेष टीम गठित की।
जांच के दौरान जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पाया गया कि चोरी के समय कोई बाहरी व्यक्ति अंदर नहीं आया था। टीम ने संदेह के आधार पर सीसीटीवी ऑपरेटर राकेश निवासी छतरपुरा जिला अलवर (राजस्थान) से पूछताछ की। मनोवैज्ञानिक दबाव में राकेश ने अपराध स्वीकारते हुए बताया कि वह गर्लफ्रेंड को क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग कराने के कारण कर्ज में डूब गया था, इसलिए पैसे चुराए।
राकेश ने बताया कि बिजली जाने के दौरान मौका देखकर उसने 3 लाख 61 हजार रुपये चोरी कर टोल प्लाजा के बाहर पत्थरों के बीच छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पूरी रकम बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तहजीब काज़ी, उपनिरीक्षक राहुल व अरुण पिपल्दे, आरक्षक रोहित गुर्जर एवं बालकृष्ण छापे की सराहनीय भूमिका रही....








