स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन रुका, त्यौहारों के बीच आर्थिक तंगी- सीएमएचओ और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
03 Nov 2025
Reporter-- Ashok Rathore
आगर मालवा- आगर जिले में स्वास्थ्य विभाग के सैकड़ों कर्मचारी गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। अक्टूबर 2025 का वेतन अब तक जारी नहीं होने से चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, एएनएम और सीएचओ सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को त्यौहारी माह में परेशानी हो रही है। इससे उनके परिवारों का खर्च और बच्चों की जरूरतें पूरी करने में कठिनाई आ रही है। वेतन वितरण में देरी से नाराज कर्मचारियों ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. दिनेश देहलवार को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर प्रीति यादव को भी ज्ञापन दिया गया। कर्मचारियों ने जल्द से जल्द वेतन जारी करने की मांग की है, ताकि वे आर्थिक तंगी से राहत पा सकें। कर्मचारियों का कहना है कि विभाग द्वारा लागू 'सार्थक एप्प' के माध्यम से वेतन भुगतान की प्रक्रिया में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। कई कर्मचारियों के नाम अब तक इस एप्प में दर्ज नहीं हुए हैं। साथ ही, शासन की ओर से उन्हें एंड्रॉइड मोबाइल भी उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिससे प्रक्रिया बाधित हो रही है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र वेतन भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिले के बड़ी संख्या में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, सीएचओ, एएनएम और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।








