शास्त्री ब्रिज धंसा — बड़ा हादसा टला, नगर निगम की लापरवाही फिर उजागर
02 Nov 2025

शास्त्री ब्रिज धंसा — बड़ा हादसा टला, नगर निगम की लापरवाही फिर उजागर
इंदौर। शहर के मध्य क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक शास्त्री ब्रिज में रविवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब गांधी प्रतिमा से शास्त्री मार्केट की ओर जाने वाली लेन पर पुल की एक भूजा अचानक धंस गई। इस धंसने से करीब पांच फीट गहरा और छह फीट लंबा गड्ढा बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक रोक दिया और बैरिकेड लगाकर क्षेत्र को सुरक्षित किया। इसके बाद नगर निगम का अमला भी पहुंचा और गड्ढे को मलबे से भरने का कार्य शुरू किया। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार यह केवल अस्थायी समाधान है, जबकि पुल की संरचनात्मक जांच और व्यापक मरम्मत की तत्काल आवश्यकता है। गौरतलब है कि शास्त्री ब्रिज की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों द्वारा कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन नगर निगम ने अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। रविवार को पुल का हिस्सा धंस जाने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया, लेकिन इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत की जाती, तो यह स्थिति नहीं बनती। फिलहाल प्रशासन से मांग की जा रही है कि तकनीकी टीम द्वारा पुल की जांच कर स्थिरता रिपोर्ट जारी की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।