सिंगरदीप में बड़ा देव की प्रतिमा खंडित — आदिवासी समाज में आक्रोश
01 Nov 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
छिंदवाड़ा। बिछुआ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सिंगरदीप गांव में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा बड़ा देव की प्रतिमा को अपमानित कर खंडित किए जाने की घटना से आदिवासी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
समाजजनों ने इसे अपने मान, सम्मान, स्वाभिमान और धार्मिक आस्था पर सीधा प्रहार बताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएँ आदिवासी अस्मिता को ठेस पहुँचाने वाली हैं और यह द्वेषपूर्ण राजनीति का परिणाम प्रतीत होती हैं।
आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से ऐसे धर्म विरोधी व असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की माँग की है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस घटना को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्यवाही सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








