EOW उज्जैन की ट्रैप कार्रवाई — अतिरिक्त तहसीलदार ₹15 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार
01 Nov 2025

EOW उज्जैन की ट्रैप कार्रवाई — अतिरिक्त तहसीलदार ₹15 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार
देवास। जिले के तहसील कार्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) उज्जैन की टीम ने अतिरिक्त तहसीलदार हर्षल बहरानी को ₹15 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, नागोरा गांव निवासी फरियादी ताराचंद पटेल ने 27 अक्टूबर को EOW उज्जैन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि अतिरिक्त तहसीलदार हर्षल बहरानी उसकी जमीन से जुड़ी तीन फाइलों के निराकरण के एवज में ₹15 हजार की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि रुपये नहीं देने पर फाइलों को लंबित रखा जा रहा था और फरियादी को बार-बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगवाए जा रहे थे। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर EOW टीम ने 31 अक्टूबर को ट्रैप कार्रवाई की। फरियादी को पूर्व निर्धारित योजना के तहत रिश्वत की राशि लेकर नायब तहसीलदार के केबिन में भेजा गया। जैसे ही हर्षल बहरानी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने मौके पर ही उन्हें रंगेहाथों धरदबोचा। इस कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी कार्रवाई EOW डीएसपी अमित वट्टी के नेतृत्व में की गई। EOW द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है, वहीं आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।
Advertisement
Advertisement