इंदौर: बस में छोड़ा गया 15 दिन का मासूम, पुलिस ने किया सुरक्षित बरामद
31 Oct 2025

इंदौर: बस में छोड़ा गया 15 दिन का मासूम, पुलिस ने किया सुरक्षित बरामद
इंदौर के छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अमर ज्योति ट्रैवल्स की बस में 15 दिन के मासूम को छोड़कर एक दंपति फरार हो गया। बस सरवटे बस स्टैंड से रवाना हुई थी। जानकारी के अनुसार, बस में यात्रा कर रहे एक पुरुष और महिला ने बच्चे को सीट पर छोड़ दिया और किसी को बताये बिना बस छोड़कर चले गए। जब ड्राइवर और कंडक्टर ने बच्चे को अकेला पाया, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। छोटी ग्वालटोली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बस को थाने के सामने रुकवाया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित अपनी अभिरक्षा में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी के अनुसार, बच्चे की उम्र लगभग 15 दिन है। बच्चे को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है और उसकी देखभाल की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस आसपास के बस स्टैंड और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दंपति की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने कहा कि यह मामला मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, बच्चे की सुरक्षा और पालन-पोषण के लिए जिला बाल संरक्षण इकाई को भी सूचना दी गई है।