विदिशा में सांसद खेल महोत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ
30 Oct 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
विदिशा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कल्पनाशील नेतृत्व में देश खेलों के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। सांसद खेल महोत्सव का आयोजन प्रधानमंत्री जी की इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अपने संसदीय क्षेत्र में इस महोत्सव का अद्भुत आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव विदिशा के खेल स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विदिशा नगर खेलों और खिलाड़ियों के विकास में दिल्ली-मुंबई जैसे महानगरों को पीछे छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी सभी क्षेत्रों के लोगों को प्रोत्साहित करते हैं, खेल क्षेत्र भी उनमें से एक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदिशा ऐतिहासिक नगरी है, जिसका संबंध सम्राट अशोक और उज्जैन से रहा है। सम्राट विक्रमादित्य ने लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा की थी और आज विदिशा लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां के विजय मंदिर की प्रतिकृति के आधार पर नए संसद भवन का निर्माण हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदिशा-भोपाल फोरलेन मार्ग निर्माण कार्य को स्वीकृति दी जाएगी, जो सलामतपुर-सांची होकर बनेगा। विदिशा-अहमदनगर मार्ग निर्माण सहित अन्य विकास प्रस्तावों को भी शासन से स्वीकृति दी जाएगी। उन्होंने खेलों को प्रोत्साहन देने और युवाओं के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की घोषणा की।








