श्री दादाजी कॉलेज सतवास की 4 छात्राओं का नव गुरुकुल पुणे में चयन
29 Oct 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
सतवास। श्री दादाजी कॉलेज सतवास की चार छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से संस्थान एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पुणे स्थित नव गुरुकुल फाउंडेशन में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कॉलेज की चार छात्राओं का चयन हुआ है।
ग्रामीण अंचल से आने वाली ये छात्राएँ अब पुणे कैम्पस में रहकर डेटा साइंस और मशीन लर्निंग टूल्स जैसी उन्नत सॉफ्टवेयर तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निशुल्क रहेगा। चयन देशभर में आयोजित परीक्षा के माध्यम से हुआ है, जो संस्था और क्षेत्र दोनों के लिए गौरव का विषय है।
महाविद्यालय की कंप्यूटर एप्लीकेशन संकाय की छात्राएँ — निकिता मेश्रा, दीपिका अमरेश, साक्षी यादव और नेहा लाडोलिया — चयनित हुई हैं।
चयन पर महाविद्यालय परिवार द्वारा छात्राओं का उनके पालकों की उपस्थिति में अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर संस्था के ट्रस्टी शैलेश होलानी, निदेशक दीपिल व्यास, शिक्षाविद् राजेश जोशी, कांटाफोड़ संकुल प्रमुख राकेश तिवारी, प्रकाश सोलंकी, राहुल शर्मा, प्राचार्य सोनाली तिवारी एवं कंप्यूटर विभाग के व्याख्याता दीपक बडोनिया उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने चयनित छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।








