देवास में बड़ा खुलासा — तत्कालीन SDM पर आदिवासी की जमीन हड़पने के गंभीर आरोप
27 Oct 2025

देवास में बड़ा खुलासा — तत्कालीन SDM पर आदिवासी की जमीन हड़पने के गंभीर आरोप
देवास। मध्यप्रदेश के देवास ज़िले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ तत्कालीन एसडीएम शोभाराम सोलंकी पर आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2023 में बागली में पदस्थ रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक आदिवासी विधवा महिला की जमीन फर्जी तरीके से अपनी पत्नी के नाम दर्ज करा ली। जानकारी के अनुसार, बागली क्षेत्र की निवासी पवित्राबाई सिसोदिया और उनके बेटों मनीष व रोहित सिसोदिया की करीब 32 बीघा कृषि भूमि को उस समय के एसडीएम शोभाराम सोलंकी ने कथित रूप से जालसाजी के माध्यम से अपनी पत्नी कमलाबाई सोलंकी के नाम दर्ज करा लिया। इस पूरे मामले में रजिस्ट्रार और तहसीलदार की मिलीभगत होने के भी आरोप हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से न्याय के लिए 181 सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और अन्य प्रशासनिक माध्यमों पर गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर न तो एफआईआर दर्ज हुई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। परिवार का आरोप है कि अब वर्तमान अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकियाँ तक दी जा रही हैं। इस मामले को लेकर हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ता स्वयं पीड़ित परिवार के साथ हाटपीपल्या थाने पहुँचे, जहाँ उन्होंने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि अब भी न्याय नहीं मिला, तो वे उच्च न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाने को मजबूर होंगे। स्थानीय समाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर प्रकरण की निष्पक्ष जाँच कर आरोपी अधिकारी और संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित आदिवासी परिवार को न्याय मिल सके।
Advertisement
Advertisement