बैतूल में जयस चलाएगी 15 दिवसीय “जनजागृति पखवाड़ा” बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर
26 Oct 2025

बैतूल में जयस चलाएगी 15 दिवसीय “जनजागृति पखवाड़ा” बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर
बैतूल: रानी दुर्गावती ऑडिटोरियम स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS) ने ऐतिहासिक निर्णय लिया कि आदिवासी नेता भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती पूरे जिले में धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर “जयस जनजागृति पखवाड़ा” के तहत 15 दिवसीय कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य समाज में आदिवासी अस्मिता, एकता और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम 15 नवम्बर को आयोजित होगा, जिसमें जिले और प्रदेशभर से हजारों आदिवासी भाई-बहनों के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही जिले के सभी 9 ब्लॉकों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष एड. संदीप कुमार धुर्वे ने की। इस अवसर पर जिला संरक्षक राजा धुर्वे, जिला प्रभारी महेश शाह उइके, जिला सचिव राजकुमार काकोड़िया, आईटी प्रभारी रामदीन इवने, मीडिया प्रभारी सौरभ सलामे सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शाहपुर, भीमपुर, चिचोली, आमला, भैंसदेही सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में जयस कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष बिरसा मुंडा जी की जयंती आदिवासी एकता और गर्व का उत्सव के रूप में मनाई जाएगी।
Advertisement
Advertisement