इंदौर में महिला क्रिकेटरों के साथ शर्मनाक घटना, आरोपी 6 घंटे में गिरफ्तार
26 Oct 2025

इंदौर में महिला क्रिकेटरों के साथ शर्मनाक घटना, आरोपी 6 घंटे में गिरफ्तार
इंदौर। महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान शहर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ एक युवक ने सरेआम छेड़छाड़ की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को मात्र 6 घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, दोनों विदेशी खिलाड़ी टीम होटल से एक कैफ़े की ओर जा रही थीं, तभी एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने रास्ते में उन्हें अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की और फरार हो गया। विदेशी खिलाड़ियों ने तुरंत अपनी सुरक्षा टीम और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर महिला की गरिमा भंग करने और स्टॉकिंग की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना पर मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) ने गहरी चिंता व्यक्त की है और कहा कि “यह इंदौर जैसे सुरक्षित शहर की छवि को धूमिल करने वाली घटना है।” वहीं, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसे “दुर्भाग्यपूर्ण और अलग-थलग घटना” बताते हुए खिलाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था की पुनर्समीक्षा की बात कही है। विदेशी खिलाड़ियों ने पुलिस और प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।