खातेगांव महाविद्यालय में युवा जोश का संगम — दो दिवसीय उत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
15 Oct 2025

खातेगांव महाविद्यालय में युवा जोश का संगम — दो दिवसीय उत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
खातेगांव (देवास)। शासकीय महाविद्यालय खातेगांव में 14 से 15 अक्टूबर 2025 तक दो दिवसीय युवा उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवी नारायण यादव ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी प्रो. महेश निगम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा उत्सव जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, जो उन्हें सांस्कृतिक विविधता से भी परिचित कराती हैं। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मनोज वर्मा ने बताया कि उत्सव के अंतर्गत रंगोली, वाद-विवाद, भाषण एवं पोस्टर निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्वयं डॉ. वर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. नरेन्द्र कुमार द्वारा किया गया