कन्नौद में “अल्पविराम परिचय कार्यक्रम” का हुआ आयोजन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया आत्मचिंतन और आनंद का अनुभव
15 Oct 2025

कन्नौद में “अल्पविराम परिचय कार्यक्रम” का हुआ आयोजन, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया आत्मचिंतन और आनंद का अनुभव
कन्नौद। जनपद पंचायत कन्नौद में “अल्पविराम परिचय कार्यक्रम” का आयोजन किया गया, जिसमें विकासखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। यह कार्यक्रम राज्य आनंद संस्थान के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य सरकारी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों को आत्मचिंतन और सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से कार्य के प्रति नई ऊर्जा प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा समूह परिचय, आत्म-अवलोकन, ध्यान, संवाद एवं अनुभव साझा जैसी प्रेरक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों ने आत्मिक शांति, मानसिक संतुलन और आनंद की अनुभूति प्राप्त की। जिला आनंदम प्रभारी डॉ. समीरा नईम ने बताया कि “अल्पविराम” कार्यक्रम शासकीय कर्मचारियों को स्वयं से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस पहल से कर्मचारियों में कार्य के प्रति उत्साह, सहयोग और सकारात्मकता बढ़ती है, जिससे कार्यालयीन वातावरण अधिक आनंदमय बनता है। कार्यक्रम में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायी और उपयोगी बताया। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक समन्वयक नीरज द्विवेदी ने किया, जबकि संतोष जाट ने आभार प्रदर्शन व्यक्त किया।