मातृत्व पोषण कार्यक्रम अंतर्गत मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों का उन्मुखीकरण प्रशिक्षण सम्पन्न।
14 Oct 2025

मातृत्व पोषण कार्यक्रम अंतर्गत मैदानी स्वास्थ्यकर्मियों का उन्मुखीकरण प्रशिक्षण सम्पन्न।
आगर मालवा। मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती माताओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार लाने के उद्देश्य से मुख्य खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक पुलैया के निर्देशन में तथा न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के सहयोग से मैदानी स्तर पर पदस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) एवं एएनएम के लिए अर्दध दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 13 अक्टूबर सोमवार को सीएचसी बडौद में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न सेवाओं की समीक्षा की गई। प्रशिक्षण सत्र में न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के संभागीय सलाहकार श्री आशीष पुरोहित ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला का प्रथम तिमाही में शीघ्र पंजीयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सभी गर्भवती एवं धात्री माताओं को आयरन और कैल्शियम की टैबलेट नियमित रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर इन आवश्यक औषधियों की सतत उपलब्धता सुनिश्चित रहनी चाहिए। सत्र के दौरान HMIS रिपोर्टिंग प्रणाली की उपस्वास्थ्य केंद्रवार समीक्षा की गई, जिसमें रिपोर्ट में पाई जा रही विसंगतियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही एमसीपी कार्ड के सही उपयोग एवं अद्यतन रखने की प्रक्रिया पर भी मार्गदर्शन दिया गया। सब सेंटर पर सीएचओ को आयरन सुक्रोज के प्रयोग, उसकी डोजिंग एवं एफसीएम इंजेक्शन के उपयोग से संबंधित तकनीकी जानकारी विस्तारपूर्वक प्रदान की गई। प्रशिक्षण में यह भी सुनिश्चित किया गया कि ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (VHSND) के दौरान सत्र स्थल पर सभी आवश्यक जांच उपकरण एवं सामग्री की उपलब्धता अनिवार्य रूप से हो, ताकि माताओं और शिशुओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्राप्त हों। कार्यक्रम में उज्जैन संभाग से मास्टर ट्रेनर श्री आशीष पुरोहित, बीएमओ डॉक्टर विवेक पुलैया, व बीईई, बीपीएम, मलेरिया निरीक्षक सहित विकासखंड की सभी सीएचओ और एएनएम, व आशा सुपर वाइजर ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।