जामनेर नदी में दर्दनाक हादसा — नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत, गांव में छाया मातम
13 Oct 2025

जामनेर नदी में दर्दनाक हादसा — नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत, गांव में छाया मातम
खातेगांव के ग्राम भुक्या में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। जामनेर नदी में नहाने गए दो सगे भाई — सचिन रुहेला (13 वर्ष) और शुभम रुहेला (15 वर्ष) — की डूबने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, दोनों भाई नहाने के लिए नदी पर गए थे। करीब एक घंटे तक जब वे वापस नहीं लौटे तो उनकी मां उन्हें देखने नदी किनारे पहुंचीं। वहां उन्होंने बच्चों के कपड़े और चप्पल नदी किनारे पड़े हुए देखे। उन्होंने आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। तुरंत परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण पहुंचे और खोजबीन शुरू की गई। कुछ देर की तलाश के बाद सुबह 11:15 बजे शुभम का शव मिला, जबकि करीब 15 मिनट बाद सचिन का शव भी नदी से बाहर निकाला गया। शुभम की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सचिन को तत्काल खातेगांव अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों बच्चों का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। अंतिम संस्कार नर्मदा तट नेमावर पर किया गया। जानकारी के अनुसार, दोनों भाई विद्यासागर स्कूल में कक्षा 9वीं के छात्र थे। बताया जा रहा है कि शुभम पहले नदी में नहाने गया था और गहराई में फँस गया। उसने बचाने के लिए अपने छोटे भाई सचिन को आवाज दी। सचिन तैरना जानता था, लेकिन शुभम ने उसे पकड़ लिया, जिससे दोनों गहरे पानी में डूब गए।