देवास में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता शिविर और तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का आयोजन
10 Oct 2025

देवास में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता शिविर और तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का आयोजन
देवास, 10 अक्टूबर 2025: जिला चिकित्सालय देवास में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता शिविर एवं तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएमएचओ डॉ. सरोजिनी जेम्स बैक रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक, मनोरोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सीएमएचओ डॉ. सरोजिनी जेम्स बैक ने अवसाद, मानसिक विकार और अन्य मानसिक रोगों के नियमित परीक्षण और उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग में तंबाकू, धूम्रपान और शराब का सेवन मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है, जिससे परिवारों में भी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत जिला चिकित्सालय में तंबाकू निवारण केंद्र की सेवाओं और निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी (एनआरटी) की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी गई। दंत चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. सनी चौरसे ने नशे के दुष्प्रभाव और तंबाकू व्यसन रोकने के उपाय बताए। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली।