बड़ौद नगर का शताब्दी वर्ष पर विशाल पथ संचलन निकला। 100 वर्ष की तपस्या से बना संघ वटवृक्ष — श्री धनगर
06 Oct 2025

बड़ौद नगर का शताब्दी वर्ष पर विशाल पथ संचलन निकला।

100 वर्ष की तपस्या से बना संघ वटवृक्ष — श्री धनगर
बडौद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में बड़ौद नगर में कई दिनों से संचलन की तैयारियाँ चल रही थीं। आज उसका व्यापक परिणाम देखने को मिला,जब महावीर जैन विद्या मंदिर परिसर में संघ के स्वयंसेवकों का भव्य एकत्रीकरण हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में स्वयंसेवकों द्वारा व्यायाम, योग एवं समता का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इसके पश्चात प्रांतीय अधिकारी श्री महेंद्रसिंह धनगर ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि 1925 में विजयादशमी के पावन पर्व पर परम पूजनीय डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार ने संघ की स्थापना की थी। तब एक छोटे से बीज के रूप में बोया गया संगठन आज शताब्दी वर्ष में वटवृक्ष बनकर खड़ा है। श्री धनगर ने कहा कि इन सौ वर्षों की यात्रा में संघ ने अनेक संघर्षों का सामना किया है। कई बार प्रतिबंध लगाए गए, किंतु संघ कार्य कभी थमा नहीं। स्वयंसेवक भूमिगत होकर भी समाजसेवा में लगे रहे। उन्होंने बताया कि संघ के स्वयंसेवक समाज के प्रत्येक क्षेत्र में सक्रिय हैं — किसानों के क्षेत्र में भारतीय किसान संघ, मजदूरों के क्षेत्र में भारतीय मजदूर संघ, शिक्षा के क्षेत्र में विद्या भारती व ग्राम भारती, चिकित्सा के क्षेत्र में सेवा भारती तथा धार्मिक-सांस्कृतिक क्षेत्र में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के माध्यम से निरंतर समाजकार्य किया जा रहा है। राजनीतिक क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी सहित अनेक अनुषांगिक संगठनों द्वारा समाज के उत्थान के लिए कार्य हो रहा है। श्री धनगर ने कहा कि शताब्दी वर्ष के अंतर्गत अनेक छोटे-छोटे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे समाज में अच्छे और प्रेरक संदेश पहुँचें। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने जीवन में पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, नागरिक अनुशासन और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को अपनाने का आह्वान किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने संघ के पांच प्रमुख परिवर्तनों तथा वर्तमान सामाजिक चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला। मार्गदर्शन के पश्चात संघ का पथ संचलन निकाला गया। नगर में लगभग 1200 स्वयंसेवक कदमताल करते हुए तीन घोष वाहिनियों के साथ आगे बढ़े। संचलन महावीर जैन विद्या मंदिर से प्रारंभ होकर डग रोड, आलोट रोड कॉलोनी, कुँवारा चौक,सुभाष मार्ग, बस स्टैंड,चूड़ी बाजार,कंकाली चौक, कायस्थ मोहल्ला,गोपाल मंदिर, रामलक्ष्मण बाजार,आगर दरवाजा, मार्तंड बाग,गांधी चौक,हाटपुरा बाजार होते हुए पुनः विद्यालय पहुँचा,जहाँ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिन्होंने कार्यक्रम की अध्यक्षता करी त्यागी श्रीमान रघुनाथदास महाराज श्री कृष्ण मंदिर बड़ौद,मंचासीन अधिकारी श्री संतोष जैन माननीय खंड संघचालक,मुख्य वक्ता श्रीमान महेंद्रसिंह धनगर,मालवा प्रांत गौ सेवा संयोजक, श्री महेश मोदी नगर कार्यवाह उपस्थित थे।कार्यक्रम में नगर खंड,जिला और विभाग के अधिकारी नगर के सभी स्वयंसेवक एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।कार्यक्रम नगर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा से स्वयंसेवकों का स्वागत किया एवं मातृ-शक्तियों ने रंगोली सजाकर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। सभी समुदायों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी कार्यक्रम के संचालन में पूरा सहयोग प्रदान किया गया।
Advertisement
Advertisement