खातेगाँव त्रिमूर्ति कॉलोनी में भव्य रूप से संपन्न हुआ 51वां शनिवार सुंदरकांड पाठ
05 Oct 2025

खातेगाँव त्रिमूर्ति कॉलोनी में भव्य रूप से संपन्न हुआ 51वां शनिवार सुंदरकांड पाठ
खातेगांव। भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में श्रीराम नाम की गूंज से संपूर्ण त्रिमूर्ति कॉलोनी गूंज उठी, जब श्री राम जानकी सुंदरकांड मंडल खातेगांव द्वारा सतत चल रही श्रृंखला के अंतर्गत 51वां शनिवार सुंदरकांड पाठ का आयोजन अजनास रोड स्थित मां भगवती के दरबार में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में देर रात तक प्रसिद्ध गायक कलाकारों ने अपनी मधुर एवं भक्ति रस से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्ति संगीत की स्वर लहरियों में जहां भक्तजन झूम उठे, वहीं जय श्रीराम के उद्घोषों से पूरा वातावरण राममय हो गया। मंडल के सदस्यों ने बताया कि श्री राम जानकी सुंदरकांड मंडल द्वारा पिछले एक वर्ष से प्रत्येक शनिवार नगर के विभिन्न मंदिरों, गरीब परिवारों एवं मंडल से जुड़े सदस्यों के घरों पर निशुल्क सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। मंडल की ओर से माला, प्रसाद, मिठाई, साउंड सिस्टम और वाद्य यंत्रों पर कलाकारों की संपूर्ण व्यवस्था की जाती है। नगर के गणमान्य नागरिकों ने मंडल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल धार्मिक चेतना को जागृत करते हैं, बल्कि युवाओं को भक्ति, सेवा और समाज के प्रति समर्पण के मार्ग पर प्रेरित भी करते हैं। सुंदरकांड पाठ का महत्व सुंदरकांड पाठ का हिंदू धर्म में विशेष आध्यात्मिक महत्व माना गया है। यह रामचरितमानस का सबसे प्रेरणादायी भाग है, जिसमें हनुमान जी के अदम्य साहस, भक्ति और पराक्रम का वर्णन है। इस पाठ के नियमित आयोजन से जीवन में आने वाले संकट दूर होते हैं, घर-परिवार में शांति और समृद्धि आती है तथा मनुष्य के भीतर भक्ति, साहस और आत्मबल का संचार होता है।
Advertisement
Advertisement