खंडवा में बड़ा हादसा: मूर्ति विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से 11 लोगों की मौत
03 Oct 2025

खंडवा में बड़ा हादसा: मूर्ति विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से 11 लोगों की मौत
खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के अर्दला गांव में दशहरे के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। देवी दुर्गा की मूर्तियों के विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में गिर जाने से 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मूर्ति विसर्जन के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर तालाब पहुंचे थे। ट्रॉली को तालाब किनारे पुलिया पर खड़ा किया गया, तभी अचानक वह पलट गई और लोग सीधे तालाब में गिर गए। डूबते हुए लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। कुछ लोगों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 11 लोगों की जान नहीं बच सकी। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने हादसे की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान- मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही घायलों का नजदीकी अस्पताल में मुफ्त इलाज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि मां दुर्गा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया- गांव में हुई इस त्रासदी ने दशहरा पर्व की खुशियां मातम में बदल दीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा प्रशासन और आयोजन समिति के लिए एक चेतावनी है कि धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए गहरा सदमा है और सवाल भी खड़े करता है कि आखिरकार ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया जाता।