देश के किसान-जवान के प्रति युवा रखें सम्मानः मनीष चौधरी
01 Oct 2025

देश के किसान-जवान के प्रति युवा रखें सम्मानः मनीष चौधरी
देश के किसान-जवान के प्रति युवा रखें सम्मानः मनीष चौधरी राष्ट्रीय सामाजिक संस्था ने बझेडी रोड मदीना चौक पर किया सामूहिक मासिक राष्ट्रागान, समाज को दिया सबसे पहले देश का संदेश मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था द्वारा बुधवार को सुबह मदीना चौक पर आयोजित सामूहिक मासिक राष्ट्रगान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर राष्ट्रप्रेम की अनूठी मिसाल पेश की। इस दौरान विद्यार्थियों और युवाओं के साथ ही सभी धर्म और सम्प्रदाय के लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी पेश की और देश के लिए अपना अपना योगदान करने का संकल्प भी लिया। इस आयोजन का उद्देश्य संस्था द्वारा नागरिकों में देशभक्ति की भावना को जागृत करना और युवाओं को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना था। राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के तत्वावधान में बझेडी रोड पर मदीना चौक पर सामूहिक मासिक राष्ट्रगान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राष्ट्रगान के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह मासिक आयोजन संस्था द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने गणमान्य लोगों के साथ किया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने मदीना चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद एक स्वर में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की। इसमें गॉड ग्रेस इंटर कॉलेज के छात्र छात्राओं ने भी अपनी भूमिका निभाई। मनीष चौधरी ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में बताया कि हम पांच साल से लगातार किसान और जवान के सम्मान में ये सामूहिक मासिक राष्ट्रगान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अक्टूबर माह के कार्यक्रम का आयोजन बझेडी रोड पर मदीना चौक पर किया गया है। इस कार्यक्रम में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के फैजुर रहमान ने बोलते कहा इस आयोजन के सहारे हम देश की नई पीढ़ी को राष्ट्रवाद से जोड़ रहे हैं। हमारा संदेश यही है कि सबसे पहले देश को रखें। इसके सहारे हम समाज को सर्वधर्म सम्भाव का संदेश देकर जोड़ भी रहे हैं। इसके सहारे सभी जाति और धर्म को भूलकर केवल इंसानियत का फर्ज निभाने के लिए युवाओं को प्रेरित किया जा रहा है। इसका सफल परिणाम भी हमें मिल रहा है। ये आयोजन राजनीतिक व्यवस्था से हटकर देश के लिए है। इस देश में हमें आजादी का माहौल देने के लिए जवानों का बड़ा योगदान है। उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य लोगों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और सामूहिकता की भावना को जागृत करना है। यह कार्यक्रम हर महीने की पहली तारीख को आयोजित किया जाता है ताकि नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना बनी रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से गॉड ग्रेस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक साजिद हसन त्यागी, प्रधानाचार्य मौहम्मद हारिस सुभानी, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच से फैजुर रहमान, भारत लोक सेवक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केपी चौधरी, फैसल मिर्जा, सतपाल सिंगर, शोएब अली त्यागी, बृजेश कुमार, आफिया मंसूरी सहित क्षेत्र के व्यापारी और आम जनमानस भारी संख्या में उपस्थित रहा। लोगों ने समाजसेवी मनीष चौधरी की इस राष्ट्रवादी और सामाजिक पहल की सराहना की और भविष्य में भी नियमित रूप से भाग लेने का संकल्प लिया।